बुखार बेकाबू होने के बाद सरकार की नींद टूटी है। प्रमुख सचिव स्वास्थ्य ने डीएम को पत्र जारी कर बुखार के प्रति लोगों को जागरूक करने, जलभराव न होने देने और सफाई आदि के निर्देश दिए हैं। शासन की चिट्ठी के बाद डीएम ने जिले के प्रमुख विभागों को जागरूकता, सफाई, फागिंग और दवाओं के छिड़काव के निर्देश दिए हैं।
वायरल, मलेरिया और डेंगू बेकाबू होने के बाद शासन की नींद टूटी है। प्रमुख सचिव चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अरुण कुमार सिन्हा ने डीएम को पत्र भेजकर लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया है। इसके बाद डीएम विवेक वार्ष्णेय ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायतीराज, नगरीय निकाय, और सूचना विभाग के अफसरों को पत्र जारी कर दिया है। इसमें बुखार, डेंगू से बचाव के लिए उचित प्रबंध करने के साथ लोगों को जागरूक करने को भी कहा गया है। लोगों से कहा गया है कि जलभराव न होने दें और अगर कहीं जलभराव होता है तो इसकी सूचना संबंधित विभाग को जरूर दें। अगर कहीं गड्ढों में पानी जमा हो रहा है तो उन्हें बंद कराया जाए। इसके अलावा मच्छरों की रोकथाम के आवश्यक उपाय करने के निर्देश भी दिए गए हैं।