कस्बे में डेंगू का कहर जारी है। रविवार को हरदोई में भर्ती कराए गए नगर
पालिका परिषद के बुखार पीड़ित सभासद ने दम तोड़ दिया। रिपोर्ट में उनकी
प्लेटलेट्स 8000 ही निकली थीं। इससे मौत के पीछे डेंगू की आशंका से कस्बे
में दहशत में हैं। दोनों मौतें एक ही इलाके के पड़ोसी घरों में होने से लोग
डरे हुए हैं। इस बारे में सीएचसी अधीक्षक डा.
जितेंद्र श्रीवास्तव ने
स्वीकार किया है कि लक्षणों के मद्देनजर मौत का कारण डेंगू होने से इनकार
नहीं किया जा सकता लेकिन सभासद का ब्लड शुगर भी बढ़ा हुआ था। नगर
पालिका परिषद के सभासद मोईनुद्दीन कुरैशी उर्फ मैनू (48) को कई दिन से
बुखार आ रहा था। परिजनों ने बताया कि शनिवार शाम उनके शरीर के निचले भाग ने
कार्य करना बंद कर
दिया और उल्टियां होने लगीं। सुबह उन्हें लेकर वह लोग
जब हरदोई जा रहे थे तो रास्ते में खून की उल्टी हुई। हरदोई पहुंच कर उनकी
जांच में प्लेटलेट्स केवल 8000 ही निकलीं। शेष जांचें पूरी हों इस बीच ही
उनकी मौत हो गई। ज्ञातव्य है कि सभासद का मकान हाल ही में डेंगू के शिकार
हुए नबी हसन के घर के करीब ही है। उनका शव आते ही घर में
कोहराम मच गया। इस
बारे में सीएचसी अधीक्षक डा. जितेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि पहले की
जांच रिपोर्ट में प्लेटलेट्स एक लाख पच्चीस हजार और ब्लड शुगर लेवल 500 था।
एक ही दिन में प्लेटलेट्स इतनी तेजी से घटना और अन्य
लक्षणों को देखते हुए
उन्हें डेंगू की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता लेकिन डेंगू की जांच के
बगैर अधिकारिक पुष्टि नहीं कर सकते हैं। यह मौत ब्लड शुगर बढ़ने का भी
नतीजा हो सकती है।
बुखार से युवती की मौत
बुखार से युवती की मौत हो गई। निजापमुर मोहल्ले के गंगाराम की पुत्री
रूपाली (18) को कई दिन से बुखार आ रहा था। परिजनों के अनुसार पिहानी मेें
इलाज जारी था। जांच के लिए ले जाने से पहले ही उसकी मौत हो गई। आसपास के
लोग यह मौत डेंगू से होने की आशंका जता रहे हैं।
प्रभावित
क्षेत्रों में विशेष दवा का छिड़काव कराया गया है। युवती की मौत वाले
एरिया में भी टीम भेज कर कारण पता लगाए जाएंगे। कैंप लगाकर जांच और
दवाइयाें का वितरण कराया जाएगा।
जितेंद्र श्रीवास्तव, चिकित्सा अधीक्षक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पिहानी