हरदोई। गणेश महोत्सव के आगमन के साथ त्योहारों का सीजन भी शुरू हो गया है और इसी के मद्देनजर रेलवे विभाग ने त्योहार स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया है।
कई त्योहार स्पेशल ट्रेन के रूट में हरदोई स्टेशन भी आएगा, लेकिन अफसोस की बात है किसी भी ट्रेन का ठहराव नहीं होगा। जिससे जिले के हजारों यात्रियों को मायूस होना पड़ेगा।
त्योहार का सीजन आते ही ट्रेनों में रिजर्वेशन के लिए मारामारी शुरू हो चुकी है। नियमित ट्रेनों में तो दीपावली व छठ पूजा के त्योहार के टिकट तो मिल पाना अब मुश्किल हो गया है। इसको लेकर ही रेलवे विभाग ने त्योहार स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया। बताते चलें कि पूरे देश में करीब 260 त्योहार स्पेशल ट्रेनें संचालित की गई हैं। इसमें आठ जोड़ी ट्रेनें ऐसी हैं, जिनके रूट में हरदाेई रेलवे स्टेशन भी आता है।
गौरतलब हो कि हरदोई शहर और कस्बों से हजारों की संख्या में लोग दिल्ली, पंजाब, चंडीगढ़, बनारस सहित बड़े-बड़े शहरों में पढ़ने व काम करने के लिए रहते हैं ऐसे में त्योहार पर सभी का अपने घर आना होता है, लेकिन किसी भी त्योहार स्पेशल ट्रेन का ठहराव स्थानीय स्टेशन पर नहीं हो रहा है। इससे यात्रियों को इन ट्रेनों की सुविधा नहीं मिल पाएगी। सभी ट्रेनें लखनऊ से चलकर बरेली व फिर मुरादाबाद ही रुकेंगी। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ट्रेनों के ठहराव का निर्णय डीआरएस कार्यालय से ही लिया जाता है।
त्योहारों के लिए आठ जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का संचालन हुआ है। इसमें गाड़ी संख्या 04035 व 04037 दिल्ली से आजमगढ़ के 24 अक्तूबर से 14 नवंबर तक, गाड़ी संख्या 04080 व 04079 दिल्ली से वाराणसी 24 अक्तूबर से 16 नवंबर तक, गाड़ी संख्या 04096 व 04095 आनंद विहार से अयोध्या कैंट सात अक्तूबर से 18 नवंबर तक, गाड़ी संख्या 04060 व 04059 आनंद विहार से जय नगर 25 अक्तूबर से 15 नंवबर, गाड़ी संख्या 04518 व 04517 चंडीगढ़ से गोरखपुर, गाड़ी संख्या 04068 व 04067 दिल्ली से दरभंगा, गाड़ी संख्या 04678 व 04677 फिरोजपुर से पटना और गाड़ी संख्या 04211 व 04212 वाराणसी से दरभंगा तक चलाई गई हैं।