हरदोई। 31 मई तक सुबह सात बजे तक जारी रहने वाले कोरोना कर्फ्यू को लेकर जारी गाइड लाइन में मांगलिक कार्यक्रमों में जहां नियम व शर्तों के साथ 25 लोगों को मौजूद रहने की अनुमति है। वहीं कीटनाशक व बीज की दुकानें सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक खोले जाने के निर्देश जारी किए गए हैं।
जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि कोरोना कर्फ्यू के दौरान पुलिस कर्मियों में कोरोना के संक्रमण के संबंध में की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा पुलिस अधिकारी समय समय पर करते रहेंगे।
मुख्य चिकित्साधिकारी रेलवे स्टेशन व बस स्टेशन पर टेस्टिंग कराएंगे। कर्फ्यू की उक्त अवधि में कीटनाशक किराना स्टोर की दुकानें सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक सोशल डिस्टेंसिंग के साथ खुलेंगीं। पूर्व निर्धारित परीक्षाओं में आने जाने वाले परीक्षार्थियों को एडमिट कार्ड पर आना जाना मान्य होगा।
रात में सन्नाटा, दिन में भीड़
कोरोना कर्फ्यू के दौरान सिनेमा चौराहे के निकट ही जहां सन्नाटा ही सन्नाटा रहता है वहीं दिन में भीड़ ही भीड़ दिखाई दे रही है। सोमवार को फलों के ठेलों से लेकर अन्य वस्तुओं की बिक्री जारी रही। दोपहिया व चौपहिया वाहनों के साथ ई- रिक्शे, रिक्शे भी देखने को मिले।
दोपहर बाद हुआ वाहनों का संकट
दोपहर बाद शहर के चौराहों के आस पास वाहनों का संकट देखने को मिला। रोडवेज बसों या निजी बसों से आने वाले यात्रियों को अपना सामान ढोकर पैदल ही अपने गंतव्य तक जाने को विवश होना पड़ा।