हरियावां। बिजली उप केंद्र हरियावां में शनिवार को 33 केवी की लाइन में फॉल्ट होने से उपकेंद्र के चारों फीडर से जुड़े 256 गांव की बिजली गुल हो गई। इधर लाइन में फॉल्ट आने के बाद दोपहर तक विद्युत कर्मी पेट्रोलिंग कर फॉल्ट तलाशने में जुटे रहे। जेई विजय कुमार ने बताया कि फॉल्ट तलाश कराकर उसकी मरम्मत कराई जाएगी। मरम्मत का काम पूरा होने पर बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी।
हरियावां स्थित विद्युत उपकेंद्र में चार फीडर सधिनावां, बरगावां, गदाईपुर व हरियावां स्थित हैं। इन चार फीडरों से क्षेत्र के 256 गांव की लगभग डेढ़ लाख से अधिक की आबादी को बिजली आपूर्ति की जाती है। शनिवार की सुबह लगभग 9 बजे 33 केवी की लाइन में खराबी आने से पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
आपूर्ति बाधित होने के बाद बिजली कर्मियों ने लाइन की पेट्रोलिंग कर फॉल्ट तलाशना शुरू कर दिया है। दोपहर के बाद फॉल्ट न मिलने पर लाइन में आई खराबी को दुरुस्त नहीं किया जा सका है। इधर बिजली नहीं होने से लोगों को गर्मी में खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।
क्षेत्र निवासी जयदीप, शारदा, मुनेश्वर व दीपक ने बताया कि बिजली न से जहां गर्मी में परेशान होना पड़ रहा है वहीं पानी की किल्लत हो गई है। क्षेत्र निवासी रामू मिश्रा, ललित चंद्र, श्रीकांत, कमल किशोर ने बताया कि गर्मी शुरू होते ही बिजली व्यवस्था पटरी से उतर गई है। कभी लोकल फॉल्ट के नाम पर तो कभी अघोषित बिजली कटौती के नाम पर लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।