बघौली। थानाक्षेत्र में लखनऊ-हरदोई मार्ग पर सुन्नी गांव के पास सड़क हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पांच दिन बाद पहचान हो सकी। युवक बीते बृहस्पतिवार की सुबह घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं पहुंचा। थाने पहुंचे पिता ने मंगलवार को शव की फोटो और कपड़ों से अपने बेटे की पहचान की।
बरखेरवा मजरा कसमंडी निवासी ऋषिकांत उर्फ रीशू (40) बीती 19 नवंबर की सुबह करीब नौ बजे घर से बिना किसी को बताए चला गया था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। पिता रमेश चंद्र ने बताया कि उनका बेटा शराब पीने का आदी था। इसी दिन सुबह करीब 6:45 बजे बघौली चौराहे पर मोटरसाइकिल एजेंसी के सामने सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन ने एक व्यक्ति को टक्कर मार दी थी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। शव क्षत-विक्षत होने के कारण पुलिस उसकी पहचान नहीं कर सकी थी। पुलिस ने शव को मोर्चरी भिजवा दिया था। मंगलवार को थाने पहुंचे पिता ने फोटो और कपड़े देखकर मृतक की पहचान अपने बेटे के रूप में की। थानाध्यक्ष प्रशांत द्विवेदी ने बताया कि परिजनों के मिलने पर अब पोस्टमार्टम कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।