हरपालपुर (हरदोई)। कटरा-बिल्हौर मार्ग पर लमकन पुल के पास बुधवार शाम मैजिक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार फर्रुखाबाद जिले के एक युवक की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज थाना क्षेत्र के ख्वाजा अहमदपुर कटिया गांव निवासी सुनील (32) पुत्र दयाराम बुधवार देर शाम करीब सात बजे बाइक से सांडी की ओर जा रहा था। उसके साथ गांव का नरेंद्र (34) पुत्र किशन सिंह भी था।
हरपालपुर कटरा-बिल्हौर मार्ग पर लमकन पुल के पास सांडी से आ रही तेज रफ्तार मैजिक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सीएचसी हरपालपुर भेजा।
गंभीर हालत के चलते प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने नरेंद्र को मृत घोषित कर दिया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। दोनों के सिर में चोटें आई हैं। हरपालपुर थाना प्रभारी बीपी सिंह ने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी गई है।