फोटो-41- मिरगावां गांव स्थित क्रय केंद्र पर धान लेकर आए किसान मोहन व ज्ञानेंद्र। संवाद
- फोटो : HARDOI
सवायजपुर। तहसील क्षेत्र में खोले गए धान क्रय केंद्रों पर धान बेचने के लिए किसानों की भीड़ जुट रही है। कहीं मानक के नाम पर तो कहीं लंबी वेटिंग बताकर उन्हें वापस लौटाया जा रहा है। उधर, प्रशासन ने सुभौआपुर में खोला गया धान का क्रय केंद्र बंद कर दिया है। इससे किसानों की परेशानी और बढ़ गई है। उनका कहना है कि शिकायत के बाद भी उनकी सुनवाई नहीं हो रही।
जनपद में एक अक्तूबर से धान की खरीद शुरू हुई तो चार क्रय केंद्र खोले गए थे। इन पर अब तक 61 हजार क्विंटल से अधिक धान की खरीद की जा चुकी है। विपणन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक साधन सहकारी समिति पलिया के क्रय केंद्र पर 13,786 क्विंटल, विपणन शाखा के मिरगावां केंद्र पर 15,815 क्विंटल, पीसीएफ के सराय राघव एट बसेलिया केंद्र पर 15,206 क्विंटल एवं भरखनी स्थित डीसीएफ क्रय केंद्र पर 11,239 क्विंटल धान की खरीद की गई है। वहीं देरी से ग्राम सुभौआपुर में खोले गए एग्रो के क्रय केंद्र पर अब तक पांच हजार क्विंटल धान की खरीद हुई है। इसे एक सप्ताह पहले बंद कर दिया गया है।
तहसील क्षेत्र में खरीद का आंकड़ा भले ही 61 हजार क्विंटल के पार पहुंच गया हो, लेकिन अब भी धान बेचने के लिए केंद्रों पर किसानों की भीड़ जुट रही है। किसान मोहन, ज्ञानेंद्र, रामकुमार व जितेंद्र आदि ने बताया कि पीसीएफ के केंद्रों पर मानक तो विपणन के क्रय केंद्र पर टोकन का हवाला देकर उनके टरकाया जा रहा है। एसडीएम दीपक वर्मा ने बताया कि किसानों की ओर से इस संबंध में शिकायत मिली तो जांच कर दोषी के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।