हरदोई। अतरौली थाने में दर्ज एक मामले में गलत विवेचना और मामले को ही झूठा बताते हुए भारतीय किसान यूनियन (राष्ट्रीयतावादी) ने एसपी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान पूरे मामले की विवेचना नए सिरे से कराने की मांग की गई। कोई हल न निकलने पर किसान यूनियन के कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए।
भारतीय किसान यूनियन (राष्ट्रीयतावादी) के प्रदेश अध्यक्ष रमाकांत अर्कवंशी, मंडल अध्यक्ष रावेंद्र सिंह चौहान और जिलाध्यक्ष रामलखन पाठक ने बताया कि 18 दिसंबर 2018 और 16 मई 2018 को अतरौली थाना क्षेत्र के ग्राम अतरौली में तालाब में सिंघाड़ा और मछली लूटने के मामले में 50-60 अज्ञात लोगों समेत तीन लोगों को नामजद किया था। आरोप है कि इस मामले में रिपोर्ट दर्ज होने पर संगठन के पदाधिकारियों विष्णु मिश्रा, बबलू कश्यप और गुन्नू तिवारी पर अनुसूचित जाति उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। पुलिस से कई बार मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। आरोप है कि पुलिस ने झूठा मामला दर्ज कर लिया और निष्पक्ष जांच भी नहीं की। इसी के चलते शनिवार को कार्यकर्ताओं ने एसपी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करने के बाद अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए है। प्रदर्शन के मद्देनजर एसपी कार्यालय के बाहर पुलिस बल मुस्तैद रहा। कई थानों की पुलिस भी यहां तैनात की गई है।