हरदोई। भारतीय किसान यूनियन (इंडिया) के बैनर तले मंगलवार को कलक्ट्रेट में जुटे किसानों ने प्रशासन पर मांगों को पूरा न करने का आरोप लगाया। प्रशासनिक बेरुखी पर भड़के किसानों ने समस्याओं का समाधान न होने पर धरने की चेतावनी दी है।
कलक्ट्रेट परिसर में मासिक पंचायत की अध्यक्षता करते हुए महिला जिलाध्यक्ष रेखा दीक्षित ने कहा कि बेनीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम कल्यानमल में रख्खन लाल की पैतृक भूमि को क्षेत्रीय लेखपाल ने नवीन परती में दर्ज कर दिया है। एसडीएम संडीला ने टीम भेजकर अतिक्रमण हटवा दिया और विपक्षियों को विवादित भूमि की तरफ खुले दरवाजे बंद करने की हिदायत भी दी। लेकिन लेखपाल की मिलीभगत से अभी आदेशों पर अमल नहीं हुआ है। भीठादान गांव निवासी रामविलास की पैतृक जमीन पर दबंगों ने कब्जा कर लिया है। इस मामले में ज्ञापन देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। अन्य तमाम मांगों के समाधान के लिए उन्होंने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन दिया है और अन्यथा की स्थिति में धरने की चेतावनी दी है। इस मौके पर लाल सिंह, समर, सुरेंद्र, सुशीला, सीमा गुप्ता आदि मौजूद रहीं।