हरदोई। किसानों को कृषि यंत्र खरीदने के लिए शासन की ओर से न सिर्फ सहज ढंग से ऋण दिलाया जाएगा, बल्कि उन्हें ऋण पर अनुदान भी दिलाया जाएगा। इसके लिए विभिन्न योजनाओं के तहत किसानों की प्री बुकिंग की जाएगी।
कृषि निदेशक सोराज सिंह ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस पर दिन में दिन में 11 बजे से पात्र किसान कृषि यंत्रों के लिए ऑनलाइन बुकिंग करा सकेंगे। किसानों को बुकिंग कराते समय अपना या परिवार के किसी सदस्य का फोन नंबर इस्तेमाल करना होगा। अगर कोई किसी बाहरी व्यक्ति का फोन नंबर इस्तेमाल करता है तो सत्यापन के दौरान संबंधित किसान को अपात्र करार दिया जाएगा।
वहीं अगर कोई कृषि यंत्र विक्रेता, डीलर अपने फोन नंबर का प्रयोग करता है तो उसकी डीलरशिप समाप्त की जाएगी। कृषि निदेशक ने कहा कि पंजीकृत किसान कृषि विभाग के पोर्टल पर जाकर योजना व कृषि यंत्र का चयन कर आवेदन कर सकते हैं। मोबाइल पर आई ओटीपी सबमिट करने के बाद आवेदन कंफर्म हो जाएगा।