मल्लावां। कोतवाली क्षेत्र के राघौपुर मार्ग पर पैदल जा रहे किसान को बुधवार सुबह बाइक ने टक्कर मार दी। गंभीर हालत में सीएचसी ले जाया गया। यहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घटना के बाद चालक बाइक समेत मौके से भाग निकला।
कोतवाली क्षेत्र के मोहब्बतपुर ठठिया निवासी रुकमंगल सिंह (65) खेती करते थे। पत्नी शांती देवी के मुताबिक, बुधवार सुबह वह गढ़ी गांव जाने वाली रोड स्थित अपने खेत में सरसों की बुआई करने गए थे। लगभग दस बजे खेत से वापस जा रहे थे। राघौपुर मार्ग पर मल्लावां की तरफ से आ रहे बाइक सवार ने रुकमंगल को टक्कर मार दी। स्थानीय ग्रामीणों ने एंबुलेंस से रुकमंगल सिंह को सीएचसी मल्लावां भेजा और परिजनों को सूचना दी।
परिजन भी कुछ ही देर में सीएचसी पहुंच गए। इसी बीच सीएचसी में ड्यूटी पर तैनात डॉ. दिव्यांशु चंद्र वाजपेयी ने रुकमंगल को मृत घोषित कर दिया। पत्नी शांती बदहवास हो गई। मृतक के तीन पुत्र सुधीर, सुजीत और विनोद नोएडा में रहकर प्राइवेट फैक्टरी में काम करते हैं। दो विवाहित बेटियां हैं। कोतवाल शिवाकांत पांडेय ने बताया कि घटना संज्ञान में है। परिजनों से तहरीर लेकर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।