मल्लावां। बेटी की शादी का न्योता देने परिवार समेत जा रहे किसान का ई-रिक्शा रास्ता भटक जाने से गंगा एक्सप्रेसवे पर चढ़ गया। शुक्रवार रात गलत रास्ते पर चढ़ जाने की जानकारी पर ई-रिक्शा से उतरकर किसान मोबाइल पर रास्ता देखने लगा। इस दौरान आई कार ने उन्हें टक्कर मार दी। घटना में किसान की मौत हो गई।
कन्नौज के तिर्वा के मोहल्ला डोली खाती निवासी रामपाल (55) खेती करते थे। उनकी बेटी अंजली की शादी तय थी। 28 जून को तिलक होना है। रामपाल की बड़ी बेटी की ससुराल उन्नाव जनपद के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के गुलाबपुरवा गांव में है। शुक्रवार देर रात रामपाल पत्नी ममता (22) बेटियों रूपा (23) और अंजली (19), पुत्रों अजय (15) और अंश (12) के साथ ई-रिक्शा से न्योता देने गुलाबपुरवा जा रहे थे। रास्ता भटक जाने के कारण उनका ई-रिक्शा मल्लावां टोल से गंगा एक्सप्रेसवे पर चढ़ गया। इस पर वह ई-रिक्शे को एक्सप्रेसवे पर ही एक किनारे खड़ा कर बाहर सड़क पर खड़े होकर मोबाइल से जानकारी करने लगे।
इस दौरान पीछे से आई कार ने उन्हें टक्कर मार दी। इस कारण मौके पर चीख पुकार मच गई। एक्सप्रसवे के कर्मचारी भी मौके पर आ गए। घायल को सीएचसी मल्लावां ले जाया गया। यहां हालत गंभीर होने पर डॉ. जितेंद्र पटेल ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन उन्हें ले जाने की तैयारी कर रहे थे लेकिन तभी उन्होंने दम ताेड़ दिया। कोतवाल विद्या सागर पाल ने बताया कि सीएचसी प्रशासन की सूचना पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजन से शिकायत लेकर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।