हरदोई (बेहंदर)। कासिमपुर थाना क्षेत्र के संडीला-मल्लावां मार्ग पर शुक्रवार देर रात बाइक सवार ने साइकिल सवार किसान को टक्कर मार दी। घटना में किसान की मौके पर ही मौत हो गई।
कहली निवासी राजाराम (56) खेती करते थे। शुक्रवार देर रात पड़ोस के ही गांव मेढ़ौआ स्थित अपने खेत से साइकिल से वापस घर जा रहे थे। इसी दौरान संडीला मल्लावां मार्ग पर कहली गांव के पास बाइक सवार ने साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से साइकिल सवार राजाराम सिर के बल सड़क पर गिर गया।
सिर पर गंभीर चोटें आने से मौके पर ही की मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। मृतक के परिवार में पत्नी प्रेमावती और तीन बेटे हैं। कासिमपुर के थानाध्यक्ष रामलखन ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।