हरदोई। लखनऊ-पलिया हाईवे पर एक तेज रफ्तार पिकअप ने पैदल हाईवे पार कर रहे एक किसान को टक्कर मार दी। हादसे में किसान गंभीर रूप से जख्मी हो गया। परिजन उन्हें मेडिकल कॉलेज लेकर आए। डॉक्टरों ने गंभीर हालत देख हायर सेंटर रेफर कर दिया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई।
कछौना कोतवाली के कटियामऊ निवासी रामदास (50) खेती कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। अविवाहित रामदास अपने छोटे भाई गिरधारी लाल के परिवार के साथ रहता था। भाई गिरधारी लाल ने बताया कि मंगलवार की सुबह रामदास खेत पर काम करने गए थे। दोपहर करीब एक बजे वह खेत का काम निपटाकर खाना खाने के लिए पैदल घर लौट रहे थे। वह जैसे ही गांव के पश्चिम छोर पर स्थित लखनऊ-पलिया हाईवे को पार करने लगे। तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी। इससे उनके सिर व शरीर पर गंभीर चोटें आई। मौका पाकर पिकअप चालक वाहन समेत भाग गया। गांव वालों की सूचना पर परिजन उन्हें मेडिकल कॉलेज फिर हायर सेंटर लेकर जाने लगे लेकिन रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। कोतवाल अमित सिंह ने बताया कि परिजन की तहरीर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।