farmer reached to sdm with dhan
- फोटो : HARDOI
संडीला। कई दिन चक्कर लगाने के बाद भी क्रय केंद्र पर धान न खरीदे जाने से नाराज किसान बुधवार को ट्र्राली में धान लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंच गए। किसानों व भाकियू नेताओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। एसडीएम मनोज कुमार श्रीवास्तव ने खरीद कराने की बात कहकर किसानों को शांत कराया।
बुधवार सुबह नौ बजे विकास खंड कोथावा के ग्राम बेलवार खेड़ा मजरा कोरोकला निवासी श्याम किशोर पुत्र रूप नारायण, राम लखन पुत्र गजोधर, अनुराग पुत्र वेद नाथ, अवधेश पुत्र राम अवध समेत अन्य कई किसान पांच ट्रालियों में धान लेकर तहसील स्थित एसडीएम कार्यालय पहुंचे। किसानों ने एसडीएम से क्रय केंद्र पर धान खरीद न किए जाने की शिकायत की। श्याम किशोर व अन्य किसानों ने बताया कि नवंबर से वह सभी संडीला मंडी स्थित विपणन विभाग के क्रय केंद्र के चक्कर लगा रहे हैं। केंद्र प्रभारी द्वारा मनमाने ढंग से काम किया जा रहा है। उन लोगों ने इसकी शिकायत एडीएम से की थी। एडीएम ने केंद्र प्रभारी को धान क्रय करने के निर्देश दिए थे।
इसके बाद भी सुधार नहीं हुआ। एसडीएम मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि किसान परेशान न हों, सत्यापन कराकर उनका धान खरीदा जाएगा। वहीं भाकियू सावित्री गुट के जिलाध्यक्ष रफीक लंबू ने कहा कि केंद्र प्रभारी द्वारा किसानों को परेशान किए जाने की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। बुधवार को किसानों के साथ जाकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा है। अगर इसके बाद भी किसानों से धान की खरीद नहीं की जाती है तो भाकियू विधानसभा के सामने किसान पंचायत करेगी।