पैड़ापुर के प्राथमिक स्कूल में चकबंदी की बैठक में हंगामा करते किसान। अमर उजाला
- फोटो : HARDOI
बघौली (हरदोई)। सुरसा थाना क्षेत्र के ग्राम पैड़ापुर में शुक्रवार को चकबंदी विभाग की बैठक में किसानों ने गांव में गलत तरह से चकबंदी कराने का आरोप लगाकर लाठियां उठा लीं और हंगामा कर दिया। किसानों को उग्र होता देखकर चकबंदी अधिकारी किसी तरह बचकर भाग निकले। किसानों ने चकबंदी अधिकारियों को दोबारा गांव में न आने की धमकी भी दी है।
शुक्रवार को ग्राम पैड़ापुर के किसानों की समस्याओं के निराकरण के लिए चकबंदी अधिकारियों ने प्राथमिक स्कूल में बैठक आयोजित की। इसमें एसीओ चकबंदी आरके गुप्ता, नायब चकबंदी कुलदीप दीक्षित समेत लेखपाल उदयराज और सुधीर शुक्ला व प्रधान मौजूद रहे। चकबंदी अधिकारी किसानों से समस्या पूछ रहे थे।
इस दौरान गांव निवासी सल्लहर और जयवीर में चकबंदी अधिकारी की बात बीच में काटने पर विवाद हो गया। दोनों में मारपीट शुरू हो गई। देखते-देखते अन्य किसान भी लाठियां लेकर हंगामा करने लगे। किसानों को उग्र देख चकबंदी अधिकारी गाड़ी लेकर भाग गए। किसानों ने काफी दूर तक उनका पीछा किया। इसके बाद किसानों ने ग्राम प्रधान और चकबंदी अधिकारी के खिलाफ नारेबाजी की। इस संदर्भ में एसओ बघौली संतोष तिवारी ने बताया कि घटना संज्ञान में नहीं है। जांच की जाएगी। वहीं एसडीएम संजय कुमार सिंह का कहना है कि अभी चकबंदी अधिकारियों द्वारा कोई सूचना नहीं दी गई है। वह मामले को दिखवाएंगे।
ग्राम पैड़ापुर के महिपाल, बलराम, रतीराम, सुभाष, उजागर, अशोक, तेजपाल आदि ने बताया कि गांव में गलत तरीके से चकबंदी की जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि चकबंदी अधिकारी ग्राम प्रधान के करीबियों को मनमाने चक आवंटित कर रहे हैं। गरीबों के साथ अन्याय किया जा रहा है। फसल बुवाई के समय चकबंदी होने से गरीबों का नुकसान हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि खेत खाली होने पर चकबंदी की जाए, ग्राम भैनामऊ की चकबंदी प्रक्रिया रद्द की जाए।