हरदोई। टड़ियावां थाना क्षेत्र के गांव अमरावां में शनिवार शाम किसान की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों ने पड़ोसी गांव के युवक पर मारपीट करने और चोट आने से उसकी मौत होने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
टड़ियावां थाना क्षेत्र के ग्राम अमरावां निवासी वंशीलाल (60) खेती करता था। उसके पुत्र बबलू ने बताया कि 27 जनवरी को उसके पिता खेत पर गए थे। वहां पड़ोस के गांव महुआ चाचर निवासी एक युवक उसके खेत से तार खोलकर ले जा रहा था।
पिता ने उसे तार ले जाने से मना किया था। जिस पर युवक ने पिता की पिटाई कर दी थी। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी थी। लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। आरोप है कि पिटाई के दौरार्न आई चोटों से शनिवार को उसके पिता की मौत हो गई। एसओ राजदेव मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।