हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भदैचा मेें गुरुवार देर शाम किसान के घर के बाहर बंधे बैलों पर सांड़ ने हमला बोल दिया। बैलों को बचाने पहुंचे किसान को भी पटक दिया। गंभीर रूप से घायल किसान की मौत हो गई।
शहर कोतवाली क्षेत्र के भदैचा निवासी रामगुलाम (35) पुत्र सोबरन के बैल गुरुवार शाम घर के दरवाजे पर बंधे थे। वहां आए सांड़ ने बैलों पर हमला बोल दिया। ये देखकर किसान बैलों को बचाने पहुंचा और उसने सांड़ को खदेड़ने का प्रयास किया। इस बीच सांड़ ने रामगुलाम पर हमला कर दिया। उसे कई बार पटका। इसके कारण उसके सिर व सीने में गंभीर चोटें आईं।
ग्रामीणों व पड़ोसियों ने किसी तरह सांड़ को भगाया। परिजन रामगुलाम को लेकर जिला अस्पताल गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक दो भाइयों में छोटा था। उसके परिवार में पत्नी, एक बेटा व बेटी है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।