हरियावां। देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खजुरहना में घास काट रही पत्नी के एचटी लाइन के चपेट में आने पर उसे बचाने के प्रयास में करंट लगने से किसान की मौत हो गई। दो अन्य महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं।
खजुरहना निवासी रामविलास (32) मवेशी पालन करता था। शुक्रवार सुबह वह पत्नी अरुणा (40), पड़ोसी कुसमा (45) और बरगांवा निवासी राजकुमारी (48) के साथ खेतों पर घास काटने गया था। तीनों गन्ने के खेत में घास काट रहे थे। घास काटते समय खेत में टूटे पड़े एचटी लाइन के तार की चपेट में अरुणा आ गई। चीखने की आवाज सुनकर कुछ दूरी पर घास काट रहे रामविलास, कुसुुमा और राजकुुमारी उसे बचाने गए तो वह भी करंट की चपेट में आ गए।
करंट लगने से रामविलास की मौके पर मौत हो गई। जबकि तीनों महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं। पुलिस ने महिलाओं को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेज दिया। रामविलास के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों का आरोप है कि जर्जर एचटी लाइन का तार टूटने से हादसा हुआ है। घटना से परिजनों व ग्रामीणों में आक्रोश है। हरियावां उपकेंद्र के जेई विजय कुमार ने बताया कि लाइन जर्जर है। लाइन बदलने के लिए विभाग को पत्र भेजा गया है। शासन से स्वीकृति नहीं मिलने से लाइन नहीं बदल सकी है।