हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खुमारीपुर में शनिवार सुबह गांव के बाहर खड़े पेड़ से किसान का शव फंदे पर लटकता मिला। परिजनों ने मानसिक बीमारी से तंग आकर जान देने की बात कही है।
ग्राम खुमारीपुर निवासी धनीराम (50) पुत्र गिरवर किसान था। उसकी पत्नी की कुछ वर्ष पूर्व बीमारी से मौत हो गई थी। परिवार में तीन पुत्री और एक पुत्र है। पत्नी की मौत के बाद से धनीराम मानसिक रूप से बीमार रहने लगा था। शुक्रवार रात वह घर से निकल गया था। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने खेत में पेड़ से अंगौछे के सहारे उसका शव लटकता देखा। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। कोतवाल राकेश यादव ने बताया कि मानसिक बीमारी से तंग आकर अधेड़ ने खुदकुशी की है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।