बघौली (हरदोई)। थाना क्षेत्र के ग्राम अड़ंगापुर में शुक्रवार रात बारिश और तेज हवा के कारण छप्पर की दीवार ढह गई। हादसे में मलबे में दबकर छात्र की मौत हो गई जबकि चार परिजन घायल हो गए।
बघौली थाना क्षेत्र के ग्राम अड़ंगापुर निवासी गंगाराम मजदूर है। उसके परिवार में पत्नी रामरानी और पुत्र रामनिवास, संतराम, कौशल थे। वह कच्ची दीवार पर छप्पर डालकर रहता था। शुक्रवार रात अचानक तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। गंगाराम पत्नी व बच्चों के साथ छप्पर के नीचे सो रहा था। इस दौरान कच्ची दीवार ढह गई। छप्पर के नीचे पूरा परिवार दब गया। ग्रामीणों ने मशक्कत कर छप्पर के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला लेकिन तब तक रामनिवास की सांसें थम चुकी थीं। शनिवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। एसओ फूलचंद्र सरोज ने बताया कि घटना की सूचना राजस्व विभाग को दी गई है। बेटे की मौत से परिजन बदहवास हैं। रामनिवास बघौली स्थित इंटर कालेज में कक्षा पांच का छात्र था।
आवास के नाम पर सिर्फ मिला आश्वासन
बघौली (हरदोई)। गंगाराम को सरकारी आवास मिल गया होता तो शायद उसके बेटे की जान नहीं जाती। गंगाराम ने बताया कि उसका परिवार सालों से छप्पर के नीचे जिंदगी गुजार रहा है। उसका आरोप है कि इस दौरान कई प्रधान बने लेकिन किसी ने उसे छत मुहैया नहीं कराई। वह आवास के लिए प्रधान के दरवाजे पर चक्कर काटता रहा। उसे सिर्फ आश्वासन मिला। शुक्रवार रात दीवार ढह गई और उसके बेटे की जान चली गई।
उधर एसडीएम सदर राकेश गुप्ता ने बताया कि राजस्व टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया है। आपदा राहत कोष से पीड़ित परिवार को 4 लाख की आर्थिक मदद मिलेगी। राजस्व विभाग ने पीड़ित को सरकारी आवास मुहैया कराने की सिफारिश की है।
मलबे में दबकर किशोर की जान गई
हरदोई। मझिला थाना क्षेत्र के गांव खंजनपुरवा निवासी रोहित (15) पुत्र सुधीर शनिवार शाम घर से बाहर निकल रहा था। उसी दौरान घर की दीवार ढह गई। जिसके मलबे वह दबकर घायल हो गया। परिजन उसे जिला अस्पताल ले आए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।