पाली। रूपापुर चीनी मिल में गन्ना तौल के दौरान ट्रैक्टर-ट्राली खड़ी करने को लेकर कुछ लोगों ने किसान की पिटाई कर दी। सूचना पर मिल के जिम्मेदारों ने किसान को बेहोशी की हालत में एम्बुलेंस से उसके घर भेज दिया। परिजन उसे पाली पीएचसी ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पाली थानाक्षेत्र के खनिकलापुर निवासी अभय ने बताया कि बुधवार को बड़ा भाई अनुज अग्निहोत्री ट्रैक्टर-ट्राली से गन्ना की तौल कराने रूपापुर चीनी मिल गया था। वहां क्षेत्र के सरसई गांव के कुछ लोगों से ट्रैक्टर-ट्राली खड़ी करने को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद उन लोगों ने गांव से करीब दो दर्जन लोगों को बुलाकर अनुज की पिटाई कर दी। मारपीट में घायल अनुज बेहोश होकर गिर गया। मिल में मौजूद अन्य लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
आरोप है कि पुलिस को सूचना देने के बावजूद भी कोई भी पुलिस कर्मी घटनास्थल पर नहीं पहुंचा। भाई अभय ने बताया कि उसके भाई अनुज को बेहोशी हालत में छोड़कर मौके से चले गए। चीनी मिल के जिम्मेदारों ने भाई को अस्पताल भेजने की बजाए उसे एंबुलेंस से घर भेज दिया। इसके के बाद परिजन अनुज को लेकर पीएचसी पहुंचे। जहां पर डाॅक्टर ने हालत नाजुक देखकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से ट्रामा सेंटर भेज दिया गया। क्राइम प्रभारी निरीक्षक वहीद अहमद ने बताया कि परिजनों की ओर से से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
मारपीट में किसान के घायल होने की सूचना मिलने पर मिल में ही उसका चिकित्सकों से प्राथमिक उपचार कराया था। हालत सही होने पर ही डाॅक्टर की सलाह पर एंबुलेंस से घर भेजा था। बेहोशी की हालत में किसान को घर भेजने का आरोप निराधार है।
- प्रभात कुमार, जीएम, रूपापुर चीनी मिल।