हरदोई। घर से लापता हुई सुभानखेड़ा गांव निवासी वृद्ध महिला का शव 18-20 घंटे बाद पास के गांव किनारे एक पेड़ पर फंदे पर लटकता पाया गया। परिजनों ने वृद्धा के अवसाद का शिकार होने की बात कही है। एएसपी अनिल यादव समेत अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर जांच की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कासिमपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सुभानखेड़ा निवासी अन्नपूर्णा (70) सोमवार से लापता चल रही थीं। मंगलवार को अन्नपूर्णा का शव पास के गांव महरिया के किनारे एक पेड़ पर फांसी पर लटकता पाया गया। ग्रामीणों से घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस व परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि अन्नपूर्णा के पति की काफी समय पहले मौत हो चुकी है। उसके चार बेटे व एक बेटी है। बताया कि पिछले तीन-चार माह से वे अवसाद का शिकार थीं। सोमवार की दोपहर वे घर से बिना बताए कहीं निकल गई थीं, काफी तलाश के बाद भी उनका कहीं पता नहीं चला। सूचना मिलने के बाद एएसपी पूर्वी अनिल यादव व फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच की। जांच के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसओ दीपक सिंह रघुवंशी ने बताया कि परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।