भरावन। अतरौली थाना क्षेत्र के ग्राम जनिगांव में रविवार से लापता युवक ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। उसका शव सोमवार सुबह गांव में आम के पेड़ से फंदे पर लटकता मिला।
अतरौली थाना क्षेत्र के ग्राम जनिगांव निवासी राहुल (24) पुत्र लल्लन सिंह आम का बाग बटाई पर लिए था। पत्नी राधा ने बताया कि राहुल रविवार सुबह आठ बजे घर से आम के बाग जाने की बात कहकर निकला था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के बाहर राहुल का शव खेत में आम के पेड़ पर फांसी से लटकता देखा। सूचना पर परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजनों की सूचना पर अतरौली के प्रभारी निरीक्षक संतोष तिवारी ने लोगों से पूछताछ की। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक के परिवार में दो बच्चे भी हैं। परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाया है।