टड़ियावां। थाना क्षेत्र के ग्राम गुलरिहा में मंगलवार को एक युवती का शव खेत में पेड़ से फंदे पर लटका मिला। मृतका की मां की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
सिंहौना निवासी सरोजनी (20) पुत्री रुकमंगल मंगलवार की सुबह घर से निकली थी। काफी देर तक जब वह नहीं लौटी तो परिजनों उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान पड़ोसी गांव गुलरिहा में खेत में पेड़ से फंदे पर लटका सरोजनी का शव मिला। सरोजनी की मां जयदेवी ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। टड़ियावां के उपनिरीक्षक शिवराज सिंह ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक एसपी उपाध्याय ने बताया कि मृतका की मां की तहरीर पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाए हैं।