हरदोई। माध्यमिक शिक्षा परिषद के परीक्षार्थियों के पास परीक्षा में पास कराने के नाम पर फर्जी मैसेज आ रहे हैं। विभाग की ओर से ऐसे साइबर ठगोंं से सावधान रहने की सलाह दी जा रही है।
जिले में एक लाख छह हजार परीक्षार्थी बोर्ड की परीक्षा में शामिल हुए थे। परीक्षा के उपरांत 30 मार्च को उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य पूर्ण कर लिया गया है। मूल्यांकन कार्य पूर्ण होने के बाद परीक्षार्थियोें के मोबाइल नंबर पर बोर्ड परीक्षा में पास कराने का दावा करने वाले फर्जी मैसेज आ रहे हैं। इसके लिए परीक्षार्थियों से धनराशि की मांग की जा रही है।
मामला विभाग के संज्ञान में आने पर माध्यमिक शिक्षा सचिव की ओर से सभी जिला विद्यालय निरीक्षक को ऐसे साइबर ठगों से परीक्षार्थियों को सावधान करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक बाल मुकुंद प्रसाद ने सभी प्रधानाचार्यों को पत्र जारी कर इस प्रकार के फर्जी मैसेज से बचने के लिए परीक्षार्थियों सचेत करने को कहा है।
उन्होंने ऐसे मैसेज व फोन आने पर इसकी सूचना विभाग को देने के लिए कहा है, ताकि साइबर ठगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराके कार्रवाई कराई जा सके।