हरदोई। भ्रामक रिपोर्ट देना पंचायतीराज विभाग के अधिकारियों पर भारी पड़ गया। विकास खंड सुरसा की ग्राम पंचायत कोढ़वा में निर्मित अंत्येष्टि स्थल तक पहुंच मार्ग होने की रिपोर्ट दी गई थी, लेकिन बरसात में मार्ग पर जलभराव और गहरे गहरे गड्ढे हैं। इससे जिला पंचायत राज अधिकारी स्थलीय निरीक्षण के लिए अंत्येष्टि स्थल तक नहीं पहुंच सकीं। इस पर उन्होंने एडीओ पंचायत सहित दो से जवाब तलब किया है।
विकास खंड सुरसा की ग्राम पंचायत कोढ़वा में 15,55,053 रुपये की लागत अंत्येष्टि स्थल बनवाया गया है। पंचायतीराज विभाग की तरफ से बनवाए गए अंत्येष्टि स्थल का निरीक्षण करने गईं डीपीआरओ श्रेया उपाध्याय करीब 300 मीटर लंबाई वाले मार्ग पर जलभराव और गहरे गहरे गड्ढे होने के कारण अंत्येष्टि स्थल तक नहीं पहुंच सकीं। जबकि अंत्येष्टि स्थल बनवाए जाने से पहले से ही संबंधित ग्राम पंचायत सहित अन्य अधिकारियों से कई बिंदुओं पर आख्या ली जाती है। इसमें अंत्येष्टि स्थल तक मार्ग उपलब्ध होने पर खास ध्यान दिया जाता है। आवागमन में कोई समस्या नहीं है, ऐसी आख्या पर ही स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी की जाती है।
इस पर डीपीआरओ ने विकास खंड सुरसा के सहायक विकास अधिकारी पंचायत और ग्राम पंचायत कोढ़वा के पंचायत सचिव रविकांत को नोटिस दिया है। इसमें कहा है कि निरीक्षण से पहले पंचायत सचिव ने रास्ता खराब होने की जानकारी भी नहीं दी थी। चेतावनी दी है कि जवाब प्राप्त न होने व संतोषजनक न होने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।