हरदोई। माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा के मूल्यांकन में लगे परीक्षक बंडल ढोने के साथ ही सील भी कर रहे हैं। मूल्यांकन के दौरान प्रति परीक्षक 24 के स्थान पर 36 रुपये व्यय होने के बाद सहयोगी उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। वहीं प्रभारी के रूप में तैनात टीचर भी कापियां जांचने में जुटे हैं।
राजकीय इंटर कालेज परीक्षा केंद्र पर रविवार को परीक्षक स्वयं ही बंडल ले जा रहे थे। एक परीक्षक सुई धागा लिए बंडल सील करने में जुटे थे। यहां तक पानी के लिए भी परीक्षकों को स्वयं भागना पड़ रहा था। एक परीक्षक पत्राचार विभाग के प्रभारी की तलाश में भटक रहे थे। मगर वह नदारद मिले।
परीक्षक ने बताया कि जिस टीचर को प्रभारी बनाया गया है वह भी टोली में बैठ कर कापियां जांच रहे हैं। इस कारण कोई भी लेखन सामग्री पाने के लिए उनको घंटो भटकना पड़ता है। विद्यालयों में परीक्षकों की कमी को देखते हुए परीक्षकों की तलाश की जा रही है। आरआर इंटर कालेज मूल्यांकन केंद्र पर परीक्षकों की तैनाती का कार्य जारी रहा। रविवार को मूल्यांकन में तेजी आई। वहीं, एसडी इंटर कालेज मूल्यांकन केंद्र पर भी परीक्षकों की कमी को पूरा करने के लिए स्थानीय स्तर पर परीक्षकों की नियुक्ति कर मूल्यांकन कार्य किया जा रहा है।