हरदोई। शासन के निर्देश पर अब हर शुक्रवार को एक ही छत के नीचे व्यापारियों के लिए उद्यमी दिवस आयोजित किया जाएगा। जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र के माध्यम से व्यापारियों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र शहरी क्षेत्रों में योजनाओं के माध्यम से शिक्षित बेरोजगारों को उद्योग स्थापित करवाने के लिए बैंकों से ऋण उपलब्ध करवाता है।
ऋण प्राप्त होने एवं उसके बाद उद्योगों को स्थापित करवाने के बाद भी व्यापारियों को वाणिज्य कर, मंडी समिति, फायर, प्रदूषण नियंत्रण, खाद्य विभाग एवं विद्युत विभाग से लगातार शिकायतें बनी रहती हैं। जिसके निस्तारण को व्यापारी विभागों के चक्कर लगाते रहते हैं। अब ऐसा नहीं होगा। व्यापारी की शिकायतों को दूर करने के लिए हर शुक्रवार उद्यमी दिवस आयोजित किया जाएगा। जिसमें सभी विभागों के अधिकारी एक ही छत के नीचे रहकर व्यापारियों की शिकायतों को दूर करेंगे और उनकी समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण करेंगे।
इस तरफ संयुक्त आयुक्त उद्योग प्रभावती सिंह ने प्रदेश भर के समस्त उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्राें को दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं। इस संबंध में जिले के उपायुक्त एसके मिश्रा ने बताया कि उद्यमी दिवस को लेकर उनको दिशा निर्देश प्राप्त हुए हैं। जिसके चलते उद्यमी दिवस का आयोजन अगले शुक्रवार को किया जाएगा।
सात बड़े और 400 छोटे उद्योगों को मिलेगा लाभ
जिले में भी इस उद्यमी दिवस से सात बड़े उद्योगाें व 400 छोटे उद्योगों को लाभ मिलेगा। विभागीय समस्याओं से सभी उद्योग पीड़ित रहते हैं जिसके चलते उनके उत्पादन में भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है जिसको कम करने के लिए प्रत्येक शुक्रवार वरदान साबित होगा।
दो कलस्टर के बाद उद्यमी दिवस की सौगात
सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम व निर्यात प्रोत्साहन स्वतंत्र प्रभार मंत्री नितिन अग्रवाल की जिले में दो कलस्टर की सौगात देने के बाद उद्यमी दिवस का उपहार भी जिले सहित पूरे प्रदेश को दिया गया है। स्वतंत्र प्रभार मंत्री ने बताया कि इस संबंध में बैठकें हुई थी जिसमें उन्हें उद्यमियों की समस्याओं से रूबरू कराया गया था। जिसके बाद यह उद्यमी दिवस मनाने का निर्णय लिया गया है। पूरे प्रदेश में इसके तहत समस्याओं का निस्तारण कर प्रगति से उन्हें भी अवगत कराने के निर्देश उपायुक्तों को दिए गए हैं।