- सीएसएन में कला वर्ग के 2100 विद्यार्थी तीन पालियों में देंगे परीक्षा
- बीकॉम और बीएसी के विद्यार्थियों की 5 से शुरू होंगी परीक्षाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। लखनऊ विश्व विद्यालय में स्नातक वर्ग की सम सेमेस्टर 2025 की परीक्षा शनिवार से शुरू होंगी। बीए द्वितीय, बीए चतुर्थ, बीए छठे सेमेस्टर की अलग-अलग विषय की परीक्षाएं 16 जून तक चलेंगी। बीएससी व बीकॉम द्वितीय चतुर्थ और छठे सेमेस्टर की परीक्षाएं 5 मई से शुरू होंगी। कला वर्ग की परीक्षाओं के लिए सीएसएन कॉलेज में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शनिवार से तीन पालियों में परीक्षाएं कराई जाएंगी।
लखनऊ विश्वविद्यालय ने स्नातक वर्ग में बीए, बीएससी व बीकाॅम की सम सेमेस्टर की परीक्षाएं लेना शुरू कर दी हैं। इनमें अभी शनिवार से स्नातक में कला वर्ग के बीए की परीक्षाएं शुरू हो रहीं हैं। जबकि बीएससी व बीकाॅम की परीक्षाएं 5 मई से होंगी। जनवरी से जून माह के बीच सम सेमेस्टर चलता है।
सेमेस्टर पूरा होने पर अब परीक्षाएं शुरू हो रहीं है। सीएसएन पीजी कॉलेज में बीए की द्वितीय, चतुर्थ और छठे सेमेस्टर के लिए अलग अलग विषयों की परीक्षाएं तीन पालियों में ली जाएंगी। तीन मई से 16 जून तक चलने वाली परीक्षाओं में प्रथम पाली में 8:30 बजे से 10 बजे तक, दूसरी पाली में 11 बजे से 12:30 बजे तक और तीसरी पाली में 2 बजे से 3:30 बजे तक परीक्षाएं होंगी।
सीएसएन पीजी कॉलेज की परीक्षा प्रभारी सरिता वर्मा ने बताया कि कॉलेज में स्नातक में कला संकाय वर्ग के अलग अलग विषयों के करीब 2100 विद्यार्थी हैं। शनिवार को पहली पाली में करीब 153 विद्यार्थी, दूसरी में 200 और तीसरी पाली में 150 से विद्यार्थी शामिल होंगे।