हरदोई। जनगणना-2027 के प्रथम चरण में स्व गणना के बाद प्रगणकों की तरफ से घर-घर गणना का काम शुरू करा दिया गया है। प्रगणक जनगणना-2027 हाउस लिस्ट पोर्टल पर मकानों की गणना और स्व गणना के परीक्षण के डेटा को फीड करेंगे। प्रगणक इसी के साथ सभी भवनों पर मार्कर से मकान नंबर भी अंकित करेंगे।
घर-घर जनगणना के काम की शुरुआत के साथ ही काम को गंभीरता से किए जाने भी निर्देश दिए गए हैं। जिला जनगणना अधिकारी दीपाली भार्गव ने बताया कि सभी चार्ज अधिकारियों से कहा गया है कि वह अपने यहां कंट्रोल रूम स्थापित कराएंगे। कंट्रोल रूम का नंबर सभी प्रगणक और सुपरवाइजर, जिला जनगणना कार्यालय को भी प्राप्त कराएंगे। प्रथम चरण में मकान सूचीकरण का फील्ड का काम शुरू करा दिया गया है। चार्ज अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वह मास्टर ट्रेनर, फील्ड ट्रेन, लेखपाल, इंजीनियर, टैक्स सुपरिंटेंडेंट आदि को शुरुआत के दिनों में प्रगणक और पर्यवेक्षक के साथ फील्ड में भेजा जाएगा।
इससे क्षेत्र की सीमा की पहचान सही प्रकार से हो सकेगी। बताया कि फील्ड प्रथम तीन दिन अधिक महत्वपूर्ण हैं। इन दिनों कार्य की मकान लिस्टिंग स्तर तक नियमित और गहन समीक्षा की जाएगी। एनआईसी और चार्ज अधिकारी से प्राप्त रिपोर्ट का प्रतिदिन परीक्षण किया जाएगा। शुरुआत के तीन दिन काम न करने वाले प्रगणकों पर कार्रवाई की जाएगी। बताया कि तकनीकी समस्या के समाधान का भी प्रबंधक किया गया है।