हरदोई। प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर ने जिले के अतरौली गांव में स्कूल चलो अभियान का शुभारंभ करते हुए कहा कि हर घर से संपर्क कर बच्चों का नामांकन कराया जाए। बच्चे नियमित रूप से स्कूल आकर पठन पाठन करें इस पर विशेष ध्यान दिया जाए।
मुख्य सचिव ने कहा कि सभी ग्राम प्रधान इस अभियान में योगदान कर अभियान को सफल बनाएं। शिक्षक एवं शिक्षिकाएं जिम्मेदारी के साथ बच्चों को शिक्षित कर उनका भविष्य संवारने का कार्य करें।
मुख्य सचिव ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और प्राथमिक शिक्षा इस भविष्य की नींव है। इसलिए देश के भविष्य को संवारने के लिए सभी अधिकारी एवं ग्राम प्रधान एक-एक गांव को गोद लेकर बच्चों को शिक्षित बनाने में योगदान दें।
स्कूल चलो अभियान चार से 30 अप्रैल तक चलेगा। सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्य प्रति माह बच्चों के अभिभावकों के साथ बैठक करेंगे। मुख्य सचिव ने प्रधानों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
उन्होंने स्कूल में पौधरोपण भी किया। बीएसए वीरेंद्र प्रताप सिंह ने मुख्य सचिव को बताया कि आपरेशन कायाकल्प के तहत जनपद 3,446 परिषदीय विद्यालय हैं। जिनमें से 407 अंग्रेजी माध्यम के विद्यालय संचालित हैं।
एचसीएल प्रोजेक्ट योगेश कुमार ने बताया कि विगत वर्षों में कंपनी द्वारा जनपद के लगभग 900 विद्यालयों में अंग्रेजी माध्यम से बच्चों को पढ़ाने के लिए टीवी की व्यवस्था की गई है।
इस वर्ष में एक हजार विद्यालयों को यह सुविधा प्रदान की जाएगी। इस मौके पर डीएम अविनाश कुमार, एसपी राजेश द्विवेदी, बेसिक शिक्षा विभाग के निदेशक प्रताप सिंह बघेल सहित आदि रहे।