कंपनियों को आवेदकों से और आवेदकों को कंपनियों से निराशा
फोटो-11- रोजगार मेला में आवेदकों का साक्षात्कार लेते प्रशिक्षक। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। सेवा योजन कार्यालय की ओर से आयेाजित रोजगार मेला शुक्रवार को फ्लॉप शो साबित हुआ। आलम कुछ यह हुआ कि देर शाम तक जिला सेवा योजन अधिकारी यह तक नहीं बता पाए कि मेले में कुल कितने अभ्यर्थी साक्षात्कार देने पहुंचे। दरअसल इसका दूसरा पक्ष भी है। रोजगार मेले में आने वाली कंपनियों को आवेदकों से निराश मिल रही है तो आवेदकों को भी कंपनियों की तरफ से निराशा ही हाथ लग रही है। कम से कम शुक्रवार को सेवायोजन कार्यालय में आयोजित रोजगार मेले में कुछ ऐसा ही नजर आया।
जिला सेवायोजन कार्यालय की तरफ से शुक्रवार को रोजगार मेला लगाया गया। मेले में सिर्फ चार कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हुए। इनमें से भी एक कंपनी के प्रतिनिधि रोजगार परक कोर्साें का निशुल्क प्रशिक्षण देने के लिए अभ्यर्थियों का चयन करने आई थी। फ्यूचर ब्राइट एग्रीकल्चर और हर्बल कंपनी, एलआईसी और हरियाणा की टेक्निको इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। जिला सेवायोजन अधिकारी रामवीर सिंह ने मेला का शुभारंभ कर आए युवाओं को कंपनियों के बारे में जानकारी दी। इसके बाद युवाओं ने अपनी इच्छानुसार कंपनी के प्रतिनिधियों को साक्षात्कार दिया।
इनसेट
. हमें तो योग्य आवेदक ही नहीं मिले
रोजगार मेले में आए फ्यूचर ब्राइट एग्रीकल्चर और हर्बल कंपनी के प्रतिनिधि डॉ. एसए अंसारी काफी निराश दिखे। उन्होंने बताया कि हरदोई में ब्लाक मुख्यालयों पर कंपनी की ओर से फील्ड अफसर तैनात किए जाने हैं। मानदेय 15 से 21 हजार रुपये तक है। कई बार मेले में आ चुके हैं, लेकिन एक भी योग्य आवेदक नहीं मिला।
. महज एक ही मिला प्रशिक्षण और रोजगार देने लायक
टेक्निको इंडस्ट्रीज के कार्यक्रम समन्वयक रवि कुमार भी रोजगार मेले में आए, लेकिन उन्हें निराशा हाथ लगी। बताया कि कंपनी में ऑटो मोबाइल औरमशीन ऑपरेटर रखे जाने हैं। 12 हजार रुपये का स्टाइपेंड प्रशिक्षण के दौरान दिया जाएगा। कुछ दिन तक कंपनी खाने और रहने का इंतजाम भी करेगी। बाद में अभ्यर्थी को खुद व्यवस्था करनी होगी। छह माह के प्रशिक्षण के बाद नौकरी मिलेगी। प्रशिक्षण हरियाणा के बावल में होगा। रवि बताते हैं कि महज एक युवक का ही चयन हो पाया।
फोटो-12- राजीव कुमार। संवाद
. बहुत ज्यादा विकल्प हैं ही नहीं
हरदोई। रोजगार की उम्मीद लेकर मेले में पहुंचे शाहाबाद के राजीव कुमार निराश नजर आए। उनका कहना था कि मेले में बेहतर कंपनियां नहीं आ रही हैं। उन्होंने कंप्यूटर कोर्स किया है। आईटीआई से प्रशिक्षित हैं। मेले में आई हरियाणा की कंपनी में साक्षात्कार दिया। बात नहीं बनी। अगर और कंपनियां आतीं तो शायद और मौका मिलता।