हरदोई। एआरटीओ कार्यालय में आरआई से मारपीट के मामले में दोषियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज कार्यालय स्टॉफ सोमवार को हड़ताल पर रहा। कर्मियों ने मेन गेट बंद कर परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। इधर दोनों एआरटीओ और आरआई ने दोपहर में डीएम अविनाश कुमार और एसपी अनुराग वत्स से मुलाकात की। अधिकारियों ने जल्द से जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
शनिवार को एआरटीओ कार्यालय परिसर में वाहनों का फिटनेस जांच रहे आरआई विकास यादव से बाबा मंदिर चौराहा निवासी आदर्श मिश्रा और उसके पिता ओमकांत मिश्रा से किसी बात पर विवाद हो गया था। आरोप है कि आदर्श और उसके पिता ने परिसर में आरआई के साथ मारपीट की थी।
घटना के बाद से आरोपी फरार हो गए थे। उधर, शनिवार की देर शाम एआरटीओ प्रशासन दीपक शाह व आरआई विकास यादव ने कोतवाली पहुंच कर मारपीट व सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत अन्य आरोपों में दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सोमवार को सुबह एआरटीओ कार्यालय समय पर खुला, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर दिया।
कार्यालय के मेन गेट पर ताला डाल दिया और हाथ में काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। दोपहर में एआरटीओ प्रशासन दीपक शाह, एआरटीओ प्रवर्तन दयाशंकर व आरआई ने डीएम अविनाश कुमार व एसपी अनुराग वत्स से कार्यालय पहुंच कर मुलाकात की और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की।
डीएम व एसपी की ओर से कार्रवाई का आश्वासन दिया है। एआरटीओ प्रशासन ने बताया कि लाइसेंस समेत डेट वैल्यू वाले कार्यों को रिशेड्यूल कराया जा रहा है। उधर, उप्र उप संभागीय परिवहन कर्मचारी संघ के हरदोई अध्यक्ष अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से कर्मी आक्रोशित हैं। सोमवार को पूर्णतया हड़ताल रही है, मंगलवार को कर्मचारियों से वार्ता करने के बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी।
एसपी को सौंपी जाएगी 47 संदिग्धों की सूची
एआरटीओ प्रशासन दीपक शाह ने बताया कि दोबारा ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए कार्यालय के आसपास लगातार नजर आने वाले लोगों को चिह्नित किया जा रहा है। ये ऐसे लोग हैं जो बिचौलिए/दलाल की भूमिका निभाते हैं और कार्यालय आने वाले लोगों को बरगलाकर उनसे वसूली करते हैं। बताया कि ऐसे 47 लोगों को चिह्नित कर सूचीबद्ध किया गया है। सूची डीएम और एसपी को भेजी जा रही है।
हरदोई पहुंचे एआरटीओ, जाना पूरा मामला
लखनऊ संभाग के आरटीओ आरपी द्विवेदी ने शनिवार को एआरटीओ कार्यालय में आरआई के साथ हुई मारपीट की घटना का संज्ञान लिया है। सोमवार की शाम एआरटीओ ऑफिस पहुंचे आरटीओ आरपी द्विवेदी ने अधिकारियों व कर्मचारियों से मुलाकात कर मामले की विस्तृत जानकारी ली। आरटीओ ने कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों के मान-सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। इस मामले में प्रभावी कार्रवाई कराई जाएगी।
ताला डालने के बाद एआरटीओ कार्यालय के बार काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन करते कर्मचारी। संवाद- फोटो : HARDOI