फोटो 35: प्रशिक्षण के दौरान खड़े प्रशिक्षक। संवाद
- ब्लॉक में त्रिस्तरीय पंचायत विकास योजना का प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
भरावन। ब्लॉक में पंचायतीराज विभाग की तरफ से त्रिस्तरीय पंचायत विकास योजना (पीडीपी) और ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) के प्रभावी क्रियान्वयन का प्रशिक्षण हुआ। पंचायत सचिवों और पंचायत सहायकों को सोमवार को एक दिवसीय प्रशिक्षण में ग्राम विकास योजना में पारदर्शिता और जनसहभागिता पर जोर दिया गया।
प्रशिक्षण में विशेषज्ञों ने ग्राम पंचायतों को स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास योजनाएं तैयार करने और उनके समयबद्ध क्रियान्वयन की जानकारी दी। पीडीपी प्रशिक्षक सौरभ गुप्ता और रविश खान ने पंचायतीराज अधिनियम, ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार करने की प्रक्रिया और पंचायतों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने पंचायतों को क्षेत्र का सर्वे कर विस्तृत प्रोफाइल तैयार करने और सभी अभिलेखों को अद्यतन रखने की सलाह दी।
बीडीओ अरविंद कुमार ने कहा कि ग्राम पंचायतों के संकल्पों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने योजनाओं में पारदर्शिता और ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। वहीं सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) ध्रुव पांडेय ने पंचायत भवनों, विद्यालयों, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य, कृषि, जल संरक्षण, महिला एवं बाल विकास समेत जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही।