हरदोई। उमस बढ़ने के साथ ही लोकल फॉल्ट बढ़ गए हैं। लोकल फॉल्ट के कारण पांच घंटे तक वैटगंज तक बिजली गुल रही। इसके अलावा शहर के अन्य क्षेत्रों में लोकल फॉल्ट के कारण बिजली गुल हो गई। इससे उपभोक्ता बिजली न मिलने से परेशान रहे।
शहर में 24 घंटे आपूर्ति का शेड्यूल है। मगर इसके बावजूद लोकल फॉल्ट के कारण उपभोक्ताओं को समय से बिजली नहीं मिल पा रही है। मंगलवार को विद्युत उपकेंद्र से जुड़े वैटगंज क्षेत्र की बिजली आपूर्ति सुबह नौ बजकर 40 मिनट पर बंद हो गई, जो तीन बजे शुरू हो सकी। इसके अलावा सांडी रोड फीडर से जुड़ी क्षेत्र की बिजली दिन में एक बजकर 30 मिनट पर गुल हो गई, जो तीन बजकर 44 मिनट पर बहाल हो सकी। वहीं, शहर के सिटी विद्युत उपकेंद्र के सिनेमा रोड फीडर से जुड़े क्षेत्र की आपूर्ति सोमवार रात 12 से एक बजे तक बाधित रही। इसके अलावा मंगलवार को भी सुबह 11 से दो बजे तक आपूर्ति बाधित रही।
शहर के चरौली उपकेंद्र से जुड़े आजादनगर और रद्धे पुरवा की आपूर्ति दोपहर दो घंटे तक बाधित रही। शहर में बिजली आपूर्ति बंद रहने से उमस भरी गर्मी में लोग बेहाल हो रहे हैं। एसडीओ आकाश वर्मा ने बताया कि कुछ स्थानों पर काम हो रहा था, इसलिए आपूर्ति बंद की गई थी। लोकल फॉल्ट को सही करा दिया गया है।