हरदोई। कृषक निशुल्क बिजली के तहत जिले के नौ हजार किसानों का नलकूप कनेक्शन का बिल माफ होगा। गुरुवार को लखनऊ में हुए कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने योजना की घोषणा की। वहीं विकास भवन सभागार में कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा गया।
प्रदेश के किसानों को राहत देने के लिए कृषक निशुल्क बिजली योजना के तहत नलकूप कनेक्शन धारकों के बिजली बिल माफ किए गए हैं। इससे जिले के नौ हजार किसानों को लाभ मिलेगा। गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में ज्यूपिटर हाल इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में योजना की घोषणा की। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में जिले के एक सैकड़ा किसान भी शामिल हुए।
जिले में विकास भवन सभागार में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा गया। जिसमें किसानों और बिजली अधिकारियों ने योजना के विषय में जानकारी प्राप्त किया। कार्यक्रम में अधीक्षण अभियंता रमेश चंद्र, अधिशासी अभियंता प्रथम विक्रम गंगवार, अधिशासी अभियंता शाहाबाद विनोद कुमार, एसडीओ केपी सिंह, एसडीओ कछौना मो. साबान सहित बिजली विभाग के अवर अभियंता व किसान मौजूद रहे।