हरदोई। लगभग चार माह पहले पिहानी कोतवाली क्षेत्र के मनिकापुर में मिले युवक के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। युवक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पत्नी की कॉल डिटेल से तह तक पहुंची पुलिस के अनुसार पत्नी ने ही प्रेमी से पति की हत्या कराई थी।
पुलिस ने मृतक की पत्नी और प्रेमी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। लखीमपुर खीरी के पसिगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत चौबियापुर निवासी प्रमोद शुक्ला का शव नौ नवंबर 2023 को पिहानी कोतवाली क्षेत्र में मनिकापुर के पास बाजार में नाले में पड़ा मिला था। उसकी पत्नी प्रीती शुक्ला ने दुर्घटना में पति की मौत हो जाने की बात कही थी। पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया था।
इसके बाद जब पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट का अध्ययन किया तो उसके शरीर पर रगड़ के निशान मिले थे। इसके बाद एसपी केसी गोस्वामी के निर्देश पर पूरे मामले की गोपनीय जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने प्रीती के मोबाइल नंबर के कॉल रिकॉर्ड खंगाले, तो चौकाने वाली जानकारियां सामने आईं। इसके बाद विवेचना में कुछ महत्वपूर्ण तथ्य पुलिस को मिले। पता चला कि प्रमोद की हत्या गला दबाकर की गई थी।
पसिगवां थाना क्षेत्र के मुजफ्फरपुर निवासी सर्वेश हिस्ट्रीशीटर है। उसका प्रमोद के यहां आना-जाना था और इसी दौरान उसके प्रेम संबंध प्रमोद की पत्नी प्रीती से हो गए थे। इसकी जानकारी प्रमोद को हो गई तो उसने दोनों को जमकर खरी खोटी सुनाई। इस पर प्रीती और सर्वेश ने प्रमोद की हत्या करने की योजना बनाई और आठ नवंबर 2023 की रात वारदात को अंजाम दे दिया।
प्रभारी निरीक्षक पिहानी डीडी सिद्धार्थ ने बताया कि दोनों आरोपियों को बुधवार शाम गिरफ्तार किया गया है। दोनों को जेल भेज दिया गया।
मेला दिखाने ले गए और ले ली जान
विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि सहादतनगर में आठ नवंबर को मेला लगा था। सर्वेश मेला दिखाने के लिए प्रमोद को अपने साथ ले गया था। मेला घूमने के बाद प्रमोद को शराब पिलाई। प्रमोद नशे में हो गया, तो उसके ही मफलर से गला कसकर हत्या कर दी। उसे घसीटते हुए नाले में डाल दिया। प्रमोद की पत्नी प्रीती को पूरी जानकारी थी और इसीलिए शव मिलते ही उसने दुर्घटना में मौत होने की बात कह दी।