हरदोई। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर अधिसूचना जारी होने के बाद निर्वाचन विभाग व संबंधित अधिकारी तैयारियों में जुट गए हैं। कलक्ट्रेट स्थित डीएम कोर्ट में नामांकन कराया जाएगा।
कोई भी उम्मीदवार अधिकतम चार सेटों में नामांकन दाखिल कर सकता है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए एडीएम को सहायक निर्वाचन अधिकारी बनाकर जिम्मेदारी सौंपी है।
जिला निर्वाचन अधिकारी व जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि जिला पंचायत अध्यक्ष पद को लेकर अधिसूचना जारी कर दी गई है। नामांकन बिक्री से लेकर नामांकन डीएम कोर्ट में ही किए जाएंगे। नामांकन 26 जून, इसी दिन नामांकन पत्रों की जांच, 29 जून को नाम वापसी व तीन जुलाई को मतदान व मतगणना होनी है।
डीएम ने बताया कि अध्यक्ष पद के नामांकन को देखते हुए सदस्यों की मतदाता सूची जारी कर दिया गया है। एक प्रति सदस्यों के पते पर भी भेजी जा रही है। कोई भी उम्मीदवार अधिकतम चार सेटों में अपना नामांकन दाखिल कर सकता है।
नामांकन पत्र पर उम्मीदवार उसके प्रस्तावक व अनुमोदक का स्वप्रमाणित फोटोग्राफ व हस्ताक्षर होना अनिवार्य है। नामांकन पत्रों के साथ आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के लिए प्रारूप ब में शपथ पत्र के साथ-साथ सक्षम अधिकारी द्वारा जारी प्रमाण पत्र मूल रूप से निर्वाचन अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
उधर, जिला निर्वाचन अधिकारी ने अपर जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह को सहायक निर्वाचन अधिकारी बनाते हुए उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है।