प्रताप नगर(हरदोई)। प्रताप नगर चौराहा स्थित किराना व खाद-बीज की दुकान में बुधवार की रात चोरों ने नकब लगाकर हजारों का सामान पार कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
कोतवाली क्षेत्र के झरोइया गांव निवासी संतोष सिंह की प्रताप नगर चौराहे पर किराना की दुकान है। बुधवार की रात चोर दुकान के पिछले हिस्से में नकब लगाकर अंदर घुसे और चार हजार रुपये नगद व लगभग तीन हजार का सामान उठा ले गए। संतोष सिंह ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है।
वहीं, पास ही स्थित रणंजय सिंह की खाद बीज की दुकान में भी चोरी हुई है। पुलिस को दी तहरीर में रणंजय सिंह ने कहा है कि चोर नकब लगाकर दुकान के अंदर घुसे। दुकान से 22 हजार रुपये नगद, नौ चांदी के सिक्के समेत अन्य सामान चुरा ले गए।
दुकान में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, चोर कैमरों का सीडीआर/हार्डडिस्क भी चुरा ले गए। सुबह दुकान पहुंचने पर घटना की जानकारी हुई। घटना की जानकारी मिलने के बाद कस्बा चौकी इंचार्ज संजय राय ने मौके पर पहुंच कर जांच की। चौकी इंचार्ज ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उधर, कस्बे में एक साथ दो दुकानों में चोरी की वारदात से व्यापारियों में आक्रोश है। व्यापारियों का कहना है कि कुछ ही दूरी पर पुलिस पिकेट रहती है। ऐसे में दो दुकानों में नकब लगाकर चोरी की वारदात से पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़ा करता है।