फोटो-27-पिहानी चेयरमैन पद के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी अवधेश रस्तोगी। संवाद
फोटो-28-सपा प्रत्याशी कृष्ण पाल राठौर। संवाद
फोटो-29-कांग्रेस प्रत्याशी हाजी डॉ. सईद खां। संवाद
फोटो-30-बसपा प्रत्याशी जमाल साजिद। संवाद
मतपेटिकाओं से आज बाहर आएगा नौ प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला
मतदान के बाद दिन भर चला कयासबाजी का दौर
आज की मतगणना पर रहेगी सभी की नजर
संवाद न्यूज एजेंसी
पिहानी। पालिकाध्यक्ष के लिए मंगलवार को हुए उपचुनाव के बाद कस्बे में अब कयासों का दौर जारी है। मंगलवार शाम से बुधवार की रात तक गुणाभाग के जरिए अपने-अपने प्रत्याशियों की जीत की दावेदारी के साथ समर्थकों के बीच बहसें होती रहीं। 6 मई यानी आज शाहाबाद मंडी समिति में मतगणना के बाद चुनाव परिणाम आएगा।
कोरोना संक्रमित पूर्व चेयरमैन हाजी साजिद के निधन से रिक्त हुई सीट पर उपचुनाव में उनके पुत्र बसपा प्रत्याशी जमाल साजिद समेत पूर्व पालिकाध्यक्ष हाजी व कांग्रेस प्रत्याशी डा. सईद खां, सपा के कृष्णपाल राठौर, भाजपा के अवधेश रस्तोगी, निर्दलीयों संजीव शर्मा, बब्ली राठौर, चांद मियां अंसारी, नबी अहमद व यासीन उम्मीदवार हैं। इसके अलावा वार्ड 12 मिश्राना दक्षिणी व वार्ड 13 मिश्राना उत्तरी में भी सभासद पद के लिए उप चुनाव हुआ। मंगलवार को 57.49 प्रतिशत मतदाताओं ने अध्यक्ष पद के नौ प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला लिखा। 6 मई को जनता का फैसला सुनाया जाना है। वोट पड़ने के बाद प्रत्याशियों ने जहां रात में नींद पूरी कर थकान उतारी, वहीं दूसरे दिन बुधवार को मतगणना तैयारियों में लगे रहे। इससे अलग प्रत्याशी समर्थक अपने अपने प्रत्याशी की जीत की दावेदारी को लेकर दिन भर बहसों में मशरूफ नजर आए। गुरुवार को शाहाबाद मंडी समिति में मतगणना होगी। इसके अलावा शहर पालिका में भी वार्ड 10 में रिक्त सभासद पद पर मतदान हुआ जिसमें से चार प्रत्याशी आबिल अली सिद्दीकी, चमन अली, अयाज अली व इमरान कमर के भाग्य का फैसला आज मतगणना में होगा। इनकी मतगणना तहसील सदर के सभागार में होगी।