फोटो-36-बरसात में ढही कच्ची कोठरी। संवाद
बेनीगंज। कोतवाली क्षेत्र के पिपरी में बारिश के दौरान कच्ची दीवार गिरने से मलबे में दबकर बुजुर्ग की मौत सोमवार आधीरात के बाद हो गई। घटना का पता चलते ही परिजन बिलख पड़े।
पिपरी निवासी हरिपाल (72) खेती करते थे। पत्नी सुमित्रा ने बताया कि मकान के सामने बने गोड़े (मवेशी बांधने और भूसा रखने का स्थान) में ही हरिपाल रात में सोते थे। रोज की तरह सोमवार रात भी खाना खाने के बाद छप्पर के नीचे पड़ी चारपाई पर सो रहे थे। आधीरात के बाद लगभग दो बजे अचानक तेज आवाज आने पर परिजन बाहर निकलकर आए तब पता चला कि जिस दीवार पर छप्पर रखा था वह गिर गई।
मलबे में हरिपाल दबे हुए थे। आनन फानन मलबा हटाया गया लेकिन तब तक हरिपाल की मौत हो चुकी थी। परिवार में पत्नी सुमित्रा व सात बच्चे हैं। प्रधान पति महेंद्र वर्मा की सूचना पर लेखपाल ने भी मौके का जायजा लिया। कोतवाल कौशलेश सिंह ने बताया कि घटना संज्ञान में है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
बारिश में कच्ची कोठरी ढहने से दंपती समेत चार घायल
लोनार कोतवाली क्षेत्र के बावन कस्बा के मोहल्ला वीरमपट्टी निवासी राम किशोर (45) मजदूरी करते थे। सोमवार रात वह अपनी कच्ची कोठरी में पत्नी रेखा (43) और बच्चों गुंजन (12) और पुष्पा (6) के साथ सोए थे। बारिश के दौरान मंगलवार सुबह लगभग चार बजे उनकी कच्ची कोठरी ढह गई। मलबे में चारों दब गए। पड़ोसियों ने किसी तरह मशक्कत कर मलबा हटाकर चारों को बाहर निकलवाया। पत्नी और बच्चे मामूली रूप से घायल हैं जबकि राम किशोर को सीएचसी से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।