हरदोई। हरियावां थाना क्षेत्र के मझिगवां गांव में संदिग्ध हालात में बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक के नाती ने जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
मझिगवां निवासी बेचेलाल (70) खेती करते थे। पिछले कई दिनों से बीमार भी चल रहे थे। परिवार में एक विवाहित पुत्री अनीता थी, जिसकी मौत हो चुकी है। सोमवार को बेचेलाल की भी मौत हो गई। इसकी जानकारी उनके नाती (बेटी के पुत्र) सुरसा थाना क्षेत्र के देवरिया निवासी विमलेश को मिली, तो वह मंगलवार सुबह गांव पहुंच गया।
यहां विमलेश ने आरोप लगाया कि बेचेलाल के परिवार के ही कुछ लोगों ने जहरीला पदार्थ देकर उनकी हत्या की है। विमलेश का कहना था कि बीती 24 जनवरी को बेचेलाल की 30 बीघा भूमि उनके भतीजों ने बैनामा करा ली थी, जबकि बेचेलाल जमीन का बैनामा नहीं करना चाहते थे।
विमलेश ने पूरे मामले की शिकायत हरियावां थाने में की। थानाध्यक्ष भावना भारद्वाज ने बताया कि प्राथमिक जांच में बीमारी से मौत हाेने की बात पता चली है, लेकिन पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।