पाली (हरदोई)। प्रेम विवाह के लगभग आठ माह बाद विवाहिता की मायके में गोली लगने से मौत हो गई।
मृतका का मोबाइल नंबर न मिलने पर पति ने पुलिस को मौके पर भेजा तब पुलिस को घटना का पता चला। मृतका की मां का दावा है कि विवाहिता ने तमंचे से गोली मारकर खुदकुशी की है। वहीं पति ने ऑनर किलिंग की आशंका जताई है। घटना पाली थाना क्षेत्र के अलियापुर गांव में रविवार सुबह की है।
अलियापुर निवासी सर्वेंद्र मिश्रा प्राइवेट एजेंसी में सिक्योरिटी गार्ड हैं और लखनऊ में तैनात हैं। उनके तीन पुत्रों में से दो चेन्नई और गाजियाबाद में रहते हैं। एक निशक्त पुत्र बीरू मिश्रा, पत्नी छोटी बिटिया और बेटी मानवी मिश्रा (24) गांव स्थित मकान में रहती हैं। ग्रामीणों के मुताबिक मानवी पीसीएस की परीक्षा देने की तैयारी घर में ही रहकर कर रही थी।
उसने सात जनवरी 2025 को सवायजपुर कोतवाली क्षेत्र के पांडेयपुर निवासी अभिनव कटियार के साथ आर्य समाज मंदिर में शादी के बाद कोर्ट मैरिज की थी। अभिनव बरेली जनपद के नवाबगंज बरौर राजकीय इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य हैं। मानवी की मां छोटी बिटिया के मुताबिक रविवार सुबह लगभग सात बजे बीरू मकान के बाहर बैठा था और वह झाडू लगा रही थी।
इसी दौरान गोली चलने की आवाज सुनाई दी तो वह कमरे में गईं। वहां देखा तो मानवी का शव पड़ा था। पास ही तमंचा पड़ा था और उसकी कनपटी पर गोली लगी थी। उधर, दूसरी ओर अभिनव कटियार ने रविवार सुबह लगभग नौ बजे पाली थानाध्यक्ष सोमपाल गंगवार को फोन किया।
थानाध्यक्ष के मुताबिक अभिनव ने बताया कि रात में उसकी बात पत्नी मानवी से हुई थी लेकिन अब उसका फोन नहीं मिल रहा है। इस पर मौके पर पुलिस भेजी गई तो घटना का पता चला। इसके बाद सहायक पुलिस अधीक्षक आलोक राज नारायण घटनास्थल पर पहुंचे। परिजनों से घटना के बारे में पूछताछ की। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का जायजा लेकर जरूरी नमूने जुटाए।
पुलिस के मुताबिक अभिनव कटियार ने ऑनर किलिंग का आरोप युवती के परिजनों पर लगाया है। पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने बताया कि आत्महत्या और ऑनर किलिंग दोनों ही बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत कुछ अन्य रिपोर्ट से घटना का खुलासा हो जाएगा। उन्होंने बताया कि घटना को लेकर परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।
दो घंटे तक शनिवार रात हुई थी मानवी और अभिनव की बात, मोबाइल पुलिस के कब्जे में
मृतका के परिवार से जुड़े विश्वस्त सूत्र बताते हैं कि शनिवार रात 11 से एक बजे के बीच मानवी और अभिनव के बीच मोबाइल पर बात हुई थी। इसकी पुष्टि अनौपचारिक बातचीत में पाली थानाध्यक्ष सोमपाल गंगवार ने भी की है। मानवी से बातचीत न हो पाने की रविवार सुबह मिली शिकायत पर पहुंची पुलिस को कमरे में दो मोबाइल मिले। इनमें से एक मोबाइल चार्जिंग पर लगा था। यह फ्लाइट मोड पर लगा हुआ था। दूसरा फोन भी कुछ दूरी पर रखा था। पुलिस ने यह दोनों मोबाइल कब्जे में ले लिए हैं। इसके अलावा मृतका के भाई बीरू मिश्रा का फोन भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।
दिसंबर में धूमधाम से शादी की थी तैयारी
घटना की जानकारी पर पहुंचे सहायक पुलिस अधीक्षक आलोक राज नारायण ने मृतका की मां छोटी बिटिया से पूछताछ की। इस दौरान छोटी बिटिया ने बताया कि मानवी और अभिनव आर्य समाज में शादी के बाद कोर्ट मैरिज भी कर चुके थे। हालांकि, शादी के बाद मानवी कभी अभिनव के गांव पांडेयपुर नहीं गई। छोटी बिटिया ने यह भी बताया कि दिसंबर में दोनों की शादी धूमधाम से कराए जाने की योजना थी। इससे पहले ही घटना हो गई।
सीतापुर में एक्सरे के बाद आज होगा पोस्टमार्टम
मानवी का शव रविवार शाम लगभग पांच बजे पुलिस ने मोर्चरी में रखवा दिया। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे पुलिस कर्मियों ने यहां कागजी कार्रवाई पूरी की। मामला गोली लगने से मौत का है, इसलिए शव का एक्सरे भी कराया जाएगा। रेडियोलॉजिस्ट न होने की वजह से एक्सरे सीतापुर में होगा। जो हालात हैं उनमें अब सोमवार को ही एक्सरे हो पाना संभव है। इसके बाद ही पोस्टमार्टम होगा।