हरपालपुर। हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के श्यामपुर गांव में मंगलवार को किसी वजह से लगी आग की चपेट में सात मकानों की गृहस्थी आ गई। आग में जलकर सब कुछ राख हो गया। लगभग आठ लाख नुकसान का आकलन पीड़ितों ने किया है।
श्यामपुर गांव निवासी नन्हें खेती करते हैं। मंगलवार सुबह लगभग नौ बजे किसी कारण से उनके मकान में आग लग गई। हवा चलने के कारण कुछ ही देर में आग फैल गई। पास में ही रहने वाले आत्माराम, रामनाथ, मोहित, रामाधार, गुड्डू और सचिन के मकानों को आग ने अपनी जद में ले लिया। आग में इन मकानों में रखे जेवर, कपड़े अनाज, रुपये भी जल गए।
ग्रामीणों ने काफी मशक्कत करके लगभग एक घंटे बाद आग पर काबू पाया। घटना की सूचना पर हरपालपुर कोतवाल आनंद नारायण त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटना का पता चलने पर राजस्व निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह, लेखपाल लवकुश मौर्या ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है। नियमानुसार मुआवजा दिलाने की व्यवस्था की जाएगी।
श्यामपुर पंजा निवासी नन्हें के पास बहुत ज्यादा खेती नहीं है। अपनी खेती के साथ ही दूसरे के खेतों में काम कर किसी तरह गुजर बसर करते हैं। अपनी पुत्री रजनी की शादी दो जुलाई को होनी है। शादी के लिए इंतजाम अभी से ही किए जा रहे हैं। आग से 20 हजार रुपये और तकरीबन दो लाख रुपये के जेवर भी जल गए। इसी तरह गांव के ही आत्माराम के घर में रखे 50 हजार रुपये और लगभग डेढ़ लाख रुपये के जेवर जल गए। सचिन की पत्नी रोली के मकान में रखे 40 हजार रुपये और लगभग एक लाख रुपये के सोने चांदी के जेवरों को भी आग ने राख कर दिया।
हरदोई। बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के सदरपुर गांव में मकान के छप्पर के नीचे रखे भूसे, गेहूं और गृहस्थी के सामान में आग लग गई। आरोप है कि पड़ोसी के पराली जलाने के कारण घटना हुई। मौके पर पहुंचे अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया।
सदरपुर निवासी अंकुल त्रिवेदी ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि पड़ोस में रहने वाले परिवार के लोगों ने खेतों की पराली में आग लगा दी। पराली से लगी आग की चपेट में अंकुल की झोपड़ी भी जल गई। झोपड़ी जलने से यहां रखे 12 क्विंटल गेहूं 12 ट्रॉली भूसा, सोने के कुछ जेवर जल गए। आग लगने के कारण घरेलू गैस सिलिंडर भी फट गया। कोतवाल नारायण कुशवाहा ने बताया कि शिकायती पत्र मिला है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।