हरदोई। उत्कृष्ट क्षमता वालों को नौकरी की जरूरत नहीं होती। उपलब्ध संसाधनों से न सिर्फ वह खुद के लिए रोजगार तलाश लेते हैं बल्कि सैकड़ों अन्य को भी रोजगार उपलब्ध कराते हैं। जिले में भी ऐसे होनहार उद्यमियों की कमी नहीं है।
गांधी भवन सभागार में शनिवार को उद्यमी सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि सांसद अंशुल वर्मा ने उक्त बात कही। उन्होंने कहा कि युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए खादी ग्रामोद्योग व उद्योग विभाग की ऋण योजनाएं वरदान साबित हो रहीं हैं जरूरत है युवाओं को जागरूक होने की और इन योजनाओं का लाभ उठाने की। उन्होंने खादी ग्रामोद्योग विभाग की ओर से संचालित प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम से ऋण लेकर एक मुकाम पर पहुंचे चार उद्यमियों, मुख्यमंत्री रोजगार कार्यक्रम में दो एवं खादी योजना में उत्कृष्ट कार्य करने वाले दो उद्यमियों कुल मिलाकर आठ उद्यमियों को सम्मानित किया।
प्रथम पुरस्कार राधा रमण शुक्ला पंकज को दिया गया। जिन्होंने 25 लाख का ऋण योजना में लिया था। अब अपनी इंडस्ट्री को तीन करोड़ तक पहुंचा दिया है। सांसद ने सभी को प्रमाणपत्र व मोमेंटों देकर सम्मानित किया। इसके अलावा विश्वकर्मा सम्मान योजना में 10 लाभार्थियों जो कुम्हार वर्ग के रहे उनको किटें व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर प्रमुख रूप से सीडीओ आनंद कुमार, खादी ग्रामोद्योग अधिकारी राकेश दुबे, उपायुक्त उद्योग केेंद्र लालजीत सिंह आदि मौजूद रहे।
इनसेट
इन उद्यमियों को मिला सम्मान
हरदोई। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम में राधारमण शुक्ला, यश मशरूर, रमाकृपाल, महेंद्र प्रताप सिंह को सम्मानित किया गया। इसके अलावा मुख्यमंत्री रोजगार कार्यक्रम में भैया लाल व रामदेव शर्मा को एवं खादी योजना में अशोक उपाध्याय व हिमांचल प्रसाद वर्मा को उत्कृष्ट कार्य करने में सम्मानित किया गया।
इनसेट
विश्वकर्मा योजना में इनको मिलीं टूल किटें
हरदोई। उद्योग केंद्र द्वारा संचालित विश्वकर्मा सम्मान योजना में राकेश कुमार, रामप्रकाश, रामजी, ठकुरी, रमेश, भूरा, श्रीकृष्ण सहित 10 कुम्हारों को प्रमाण पत्र के अलावा टूल किटें भेंट की गई। उद्योग केंद्र से ही संचालित मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में ऋण ले चुके लोगों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।