हरदोई। परिषदीय विद्यालयों में निजी स्कूलों की भांति प्रतिमाह शिक्षक अभिभावक संघ की बैठक होगी। बैठक में शिक्षक-अभिभावकों से मिलकर विद्यार्थियों की शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार करने के लिए विचार-विमर्श करेंगे।
अभी तक परिषदीय विद्यालयों में तीन माह में बैठक की जाती है। अब यह बैठक हर माह होगी। बैठक में शिक्षक अभिभावकों को विद्यार्थी के विषय में फीड बैक देंगे और उनके गृह कार्य के पूर्ण होने व न होने पर विचार कर उसको पूर्ण कराने के सुझाव देंगे। अभिभावक से बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने और प्रतिदिन घर पर भी पढ़ाई कराने पर जोर देंगे। अभिभावकों से विद्यार्थी के विषय में जानकारी कर उसमें सुधार का प्रयास करेंगे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि महानिदेशक स्कूल शिक्षा की ओर से पत्र आया है। नवीन शिक्षा सत्र से प्रति माह अभिभावक - शिक्षक संघ की बैठक आयोजित की जाएगी। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है।