शिक्षा मानव को जीना सिखाती है। अच्छी सफलता दर्शाती
है कि कार्य मेहनत व लगन से किया गया है। यह बात डाल सिंह मेमोरियल स्कूल
में सोमवार को आयोजित मेधा सम्मान समारोह में सपा जिलाध्यक्ष शराफत अली ने
व्यक्त किए।
उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों में संस्कार व
अनुशासन होना भी आवश्यक है। उन्होंने सम्मानित किए गए छात्र-छात्राआें से
कहा कि आगे और अधिक लगन व मेहनत करके जिले के साथ देश प्रदेश का नाम भी
गौरवान्वित करें। बच्चों पर ध्यान देने तथा उनमें अच्छे गुणों का समावेश
करने के लिए उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की।
मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेेड
के प्रदेश सचिव मुकुल सिंह ने कहा कि अब ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चे भी
मेहनत करके आगे बढ़ रहे हैं। विद्यालय की टापर छात्रा हिमांशी यादव 90
प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली एक छोटे से गांव की रहने वाली है। उन्होंने
सभी बच्चों को बधाई दी तथा उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
इस मौके पर
प्रबंधक अखिलेश सिंह ने बताया कि हाईस्कूल 2015 में स्कूल के 25 बच्चों को
80 प्रतिशत से अधिक अंक लाने पर शील्ड व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित कर उनका
हौसला बढ़ाया गया है, जिससे और भी बच्चे मेहनत कर आगे बढ़े। इसके पूर्व
में कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्या लक्ष्मी देवी सहित पूर्णिमा सिंह, देवेश सिंह,
भूमिका सिंह, रुचि गुप्ता, अंजली, दिव्या और अर्पिता आदि मौजूद थे।