शहर के मोहल्ला न्यू सिविल लाइंस स्थित डॉ. आंबेडकर विद्यालय में विद्यालय व डॉ. आंबेडकर वेलफेयर एसोसिएशन के संस्थापक, अनुसूचित जाति समाज के पहले वकील व भारतीय रिपब्लिक पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष रहे खुर्रमदास वकील का 25वां परिनिर्वाण दिवस मनाया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत बुद्ध, डॉ. आंबेडकर व खुर्रमदास के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। रूदान लाल ने कहा कि बाबू खुर्रमदास ने वंचित वर्ग को न्याय दिलाने के लिए जो कार्य किए हैं, उसके लिए समाज बाबू का ऋणी है। एडवोकेट शिवचरण लाल वर्मा ने कहा कि बाबू खुर्रमदास ने डॉ. आंबेडकर के कारवां को आगे बढ़ाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।
सहायक अध्यापक आफरीन ने कहा कि बौद्ध धर्म की शिक्षाओं को आधार बनाकर समाज में समानता लाई जा सकती है। सहायक अध्यापक उमेश चंद्र ने कहा कि विद्यालय के बच्चों को मन लगाकर पढना व सफलता हासिल करनी चाहिए, यही बाबू को सही श्रद्धांजलि होगी।
सहायक अध्यापक शिवांजलि ने कविता प्रस्तुत की। कार्यक्रम में सहायक अध्यापक रिंकी कुरील, सहायक अध्यापक रीना यादव व डा. तुलाराम हंस ने विचार व्यक्त किए।
बच्चों ने गीत प्रस्तुत किए। वहीं, कार्यक्रम से पूर्व अतिथियों व स्टॉफ ने सामूहिक रूप से त्रिशरण व पंचशील का पाठ किया। इस मौके पर संस्था के अध्यक्ष अशोक सेन, प्रधानाध्यापक आरती सेन आदि मौजूद रहे।